आगामी 26 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह के जिला स्तरीय कार्यक्रम की अंतिम रिहर्सल आज 24 जनवरी 2026 को पी.जी. कॉलेज ग्राउंड, झाबुआ में सम्पन्न हुई। रिहर्सल का उद्देश्य समारोह को गरिमामय, अनुशासित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराना रहा।

रिहर्सल के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेंद्रसिंह चौहान एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया की उपस्थिति में कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया। इसमें ध्वजारोहण प्रक्रिया, परेड द्वारा सलामी, परेड कमांडरों से परिचय, पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की प्रस्तुति, पी.टी. प्रदर्शन, उद्घोषकों की रिहर्सल तथा अतिथियों के स्वागत एवं मंच व्यवस्था की जाँच की गई।

साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली झांकियों का अवलोकन किया गया एवं उन्हें निर्धारित समय-सीमा एवं विषयानुसार प्रस्तुति देने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी रिहर्सल कराई गई।

इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री भास्कर गाचले सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने रिहर्सल में सहभागिता की। संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के सुचारू संचालन, सुरक्षा व्यवस्था एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


