झाबुआ ।मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान एवं सहायक कलेक्टर श्री आशीष कुमार द्वारा मंगलवार को जिला मुख्यालय पर जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न ग्रामों से आए आवेदकों द्वारा अपनी-अपनी समस्याएं एवं मांगें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की गईं। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 56 आवेदन प्राप्त हुए।

आवेदक श्री बालसिंह पिता सोबान अजनार, निवासी छोटी भेसाकराय द्वारा आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया कि ग्राम पंचायत दुधी उमरकोट के अंतर्गत ग्राम छोटी भेसाकराय के होली फलिया में विद्युत आपूर्ति की सुविधा हेतु एक विद्युत ट्रांसफॉर्मर/डीपी लगाए जाने की आवश्यकता है, जिस संबंध में आवेदन दिया गया।आवेदक श्रीमती विनिता पति भूपेन्द्र बसोड़, निवासी पारा तहसील रामा द्वारा आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया कि वे गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रही हैं तथा उनके पास स्वयं का आवास एवं भूमि उपलब्ध नहीं है। उन्होंने ग्राम पारा में आवास निर्माण हेतु शासकीय भूमि आवंटन एवं पट्टा प्रदान किए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।

इसी प्रकार आवेदक श्री ब्रजेश डामोर, निवासी भीमपुरी तहसील थान्दला द्वारा आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया कि उनके पिता की शासकीय सेवा के दौरान मृत्यु हो गई थी, जिसके फलस्वरूप उन्हें अनुकंपा नियुक्ति प्रदान किए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया।इसके अतिरिक्त आवेदक श्री अरविन्द पिता शंकर भूरिया, निवासी मादलदा तहसील थान्दला द्वारा आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया कि उनके पिता की हत्या के मामले में निष्पक्ष जांच कराए जाने एवं हत्या में संलिप्त आरोपियों एवं उनके सहयोगियों के विरुद्ध विधिसम्मत प्रकरण पंजीबद्ध किए जाने की मांग की गई।

जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं सहायक कलेक्टर द्वारा प्राप्त समस्त आवेदनों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को गंभीरतापूर्वक परीक्षण करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के अवसर पर जिले के समस्त विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।






