झाबुआ । कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशन में जिले में जल जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज 08 जनवरी 2026 को कार्यपालन यंत्री के मार्गदर्शन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग झाबुआ द्वारा विकासखंड रामा के ग्राम छापरी कालीदेवी की ग्राम पंचायत में जल जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत नल-जल योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। शासकीय प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनवाड़ी भवन में उपस्थित बच्चों, शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों को दूषित पेयजल से होने वाली जनित बीमारियों की रोकथाम तथा शुद्ध पेयजल के महत्व के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर एफटीके (FTK) किट के माध्यम से पेयजल स्रोतों का जल परीक्षण कर उसका व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे ग्रामीण स्वयं जल की गुणवत्ता की जांच कर सकें।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों को शुद्ध पेयजल के उपयोग हेतु शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में जिला सलाहकार श्री धूलिया बामनिया एवं विकासखंड समन्वयक सुश्री अंकिता पाठक का विशेष योगदान रहा।

