थांदला। ईद-ए-मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर थांदला में मुस्लिम समाज ने इंसानियत और भाईचारे की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी पूरे नगर में सराहना हो रही है बुधवार को नगर में ईद मिलादुन्नबी का भव्य जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस में हजारों की तादाद में अकीदतमंद शामिल थे। तभी जुलूस के बीच अचानक एक एंबुलेंस आ गई एंबुलेंस में मरीज होने की जानकारी मिलते ही जुलूस में शामिल युवाओं ने तुरंत मानवता का परिचय दिया।
बिना किसी देरी के जुलूस को एक साइड में रोककर एंबुलेंस के लिए रास्ता खाली कर दिया गया।एंबुलेंस के निकलने तक पूरा जुलूस शांतिपूर्वक एक तरफ खड़ा रहा। जैसे ही एंबुलेंस निकली, जुलूस फिर से नात-ए-पाक पढ़ते हुए आगे बढ़ गया इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई मुस्लिम समाज की इस पहल की तारीफ कर रहा है। यह नजारा इस बात का सबूत है कि त्योहार खुशी के साथ-साथ इंसानियत का पैगाम भी देते हैं।






