रतलाम में भारत आदिवासी पार्टी का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न,राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहनलाल रोत के नेतृत्व में आगामी संगठनात्मक एवं राजनीतिक कार्यक्रमों पर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयरतलाम।

भारत आदिवासी पार्टी (BAP) का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन रतलाम स्थित हीरा पैलेस में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अधिवेशन में मध्यप्रदेश सहित राजस्थान, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, ओडिशा, आंध्रप्रदेश और तेलंगाना के पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहनलाल रोत के नेतृत्व में आयोजित अधिवेशन में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार, आगामी गतिविधियों एवं कार्यक्रमों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। राष्ट्रीय कमिटी द्वारा पार्टी के विभिन्न पदों में वृद्धि करने के साथ आगामी समय में संगठन को देशभर में मजबूत एवं विस्तारित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

अधिवेशन में विगत वर्ष पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के निधन के बाद रिक्त हुए पद पर प्रतापगढ़ के मांगीलाल निनामा को राष्ट्रीय महासचिव तथा डूंगरपुर के पोपटलाल खोखरिया को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।बांसवाड़ा सांसद राजकुमार ने अपने संबोधन में भारत आदिवासी पार्टी को देश के विभिन्न राज्यों में विस्तार देने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में आदिवासी समाज और वंचित वर्गों की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।अधिवेशन को राजस्थान विधानसभा में भारत आदिवासी पार्टी विधायक दल के नेता थावर चंद्र डामोर, आसपुर विधायक उमेश डामोर, बागीदोरा विधायक जयकृष्ण पटेल, महिला मोर्चा अध्यक्ष बबिता कच्छप, झारखंड से विजय कुजूर तथा आंध्रप्रदेश से राजाबाबू सहित मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के विभिन्न पदाधिकारियों ने संबोधित किया।

दो दिनों तक चले इस राष्ट्रीय अधिवेशन में पार्टी की आगामी रणनीति, संगठन विस्तार, विभिन्न राज्यों में आगामी कार्यक्रमों तथा कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श हुआ। अधिवेशन का संचालन सचिन गामड़, ध्यानवीर डामोर एवं दशरथ बारिया ने किया।

अधिवेशन के समापन अवसर पर मध्यप्रदेश विधानसभा में भाजपा एवं कांग्रेस के अलावा भारत आदिवासी पार्टी के एकमात्र विधायक एवं सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने सभी राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं तथा उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा कि भारत आदिवासी पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों, आदिवासी समाज के अधिकारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करते हुए देश के विभिन्न राज्यों में संगठन का विस्तार करेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अधिवेशन में लिए गए निर्णय पार्टी को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करेंगे।

अधिवेशन में देशभर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने, पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से संचालित करने का संकल्प लिया।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x