झाबुआ। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत झाबुआ श्री जितेन्द्रसिंह चौहान द्वारा जनपद पंचायत रामा के समस्त स्टाफ की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत अपूर्ण आवासों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने हेतु 15 दिवस की समय-सीमा निर्धारित की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित अवधि में सभी लंबित आवास पूर्ण कर हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए।
इसी प्रकार महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) अंतर्गत जॉब कार्ड केवाईसी एवं ई-केवाईसी कार्यों की समीक्षा की गई। विशेष रूप से पलायित श्रमिकों के वापस लौटने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए 10 मार्च 2026 तक शत-प्रतिशत केवाईसी पूर्ण करने के निर्देश मनरेगा एपीओ एवं पीसीओ को दिए गए। सामुदायिक भवन एवं आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने हेतु सहायक यंत्री को निर्देशित किया गया।

साथ ही जनपद में पदस्थ एडीईओ/पीसीओ को अपने-अपने क्लस्टर की गहन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में 15वें एवं 5वें वित्त आयोग अंतर्गत अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए। राज्य स्तर पर प्रवासी श्रमिकों हेतु संचालित पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत झाबुआ जिले में चयनित रामा जनपद के प्रवासी श्रमिकों की पोर्टल पर शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने के लिए संबल शाखा प्रभारी एवं पीसीओ को निर्देशित किया गया।
इसके अतिरिक्त संकल्प से समाधान अभियान अंतर्गत क्लस्टरवार निर्धारित तिथियों के अनुसार शिविर आयोजित कर लंबित आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश शिविर प्रभारियों को दिए गए।बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए






