झाबुआ कलेक्टर ने सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स को जैकेट भेंट की, समस्त तहसील में 120 नए वॉलंटियर्स चयनित, भगोरिया एवं होली पर्व पर संभालेंगे जिम्मेदारी।

झाबुआ। कलेक्टर नेहा मीना द्वारा जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स को जैकेट भेंट की गईं। इसका उद्देश्य नवचयनित वॉलंटियर्स को पहचान, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के भाव से जोड़ते हुए आगामी त्योहारों एवं आपदा प्रबंधन कार्यों के लिए तैयार करना था।

कलेक्टर ने झाबुआ तहसील के 20 वॉलंटियर्स को स्वयं यूनिफॉर्म जैकेट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिधान नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन और जिम्मेदारी का प्रतीक है। इसे धारण करते समय प्रत्येक वॉलंटियर को अपने कर्तव्यों का गंभीरता से पालन करना होगा।जिले की समस्त तहसील में 120 नए सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स का चयन किया गया है।

ये सभी वॉलंटियर्स आगामी भगोरिया हाट बाजार एवं होली पर्व के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, आपात स्थिति में प्राथमिक सहायता, लापता बच्चों/व्यक्तियों की सहायता तथा प्रशासनिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण दायित्व निभाएंगे। साथ ही किसी भी आकस्मिक आपदा, प्राकृतिक संकट अथवा आपातकालीन स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रशिक्षित एवं तत्पर रहेंगे। कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान समय में भगोरिया हाट का सुव्यवस्थित प्रबंधन सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लोग एकत्रित होते हैं, ऐसे में व्यवस्था बनाए रखने में सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स की महती भूमिका रहेगी।

उन्होंने कहा कि आप सभी को जिम्मेदारी, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना है, ताकि पर्व शांति, सौहार्द और सुरक्षा के साथ संपन्न हो।कलेक्टर ने आगे कहा कि भविष्य में जब भी जिले में आपदा प्रबंधन की स्थिति निर्मित होगी, तब प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि जिले के प्रत्येक वार्ड, गांव एवं फलिये में सिविल डिफेंस का प्रतिनिधित्व सक्रिय रूप से उपलब्ध रहे। इससे आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया संभव हो सकेगी और जनहानि एवं नुकसान को न्यूनतम किया जा सकेगा। इस दौरान डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री शशिधर पिल्लई, सिविल डिफेंस प्रभारी एवं वॉलंटियर्स उपस्थित रहे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x