झाबुआ। कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशन में जिले में जल जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु सतत प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मार्गदर्शन आज लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग झाबुआ द्वारा विकासखंड रामा के ग्राम खरडू बड़ी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जल जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं खरडू बड़ी पंचायत की समस्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को दूषित पेयजल से होने वाली जल-जनित बीमारियों, उनकी रोकथाम तथा शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल के महत्व के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही एफटीके (FTK) किट के माध्यम से पेयजल स्रोतों का जल परीक्षण कर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों को शुद्ध पेयजल का नियमित उपयोग करने एवं जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
उक्त जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन जिला सलाहकार श्री धूलिया बामनिया एवं विकासखंड समन्वयक सुश्री अंकिता पाठक द्वारा किया गया।






