भारतीय जनता पार्टी द्वारा ऑपरेशन सिंदूर की उपलब्धियों को आम जनमानस तक पहुंचाने के उद्देश्य से 15 मई से 25 मई तक प्रदेशभर में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसी संदर्भ में मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय, भोपाल में जिले की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक को प्रदेश महामंत्री एवं विधायक भगवानदास सबनानी तथा जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति ने संबोधित किया।
प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम हमले में शामिल आतंकियों को उनके अंजाम तक पहुंचाने का जो वादा जनता से किया था, उसे ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पूरा किया है।
इस ऑपरेशन के तहत पाकिस्तान ने नौ आतंकी ठिकाने, 11 एयरपोर्ट, 100 से अधिक आतंकी, 50 सैनिक और अपना सम्मान तक खो दिया। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा यात्रा विभिन्न समाज वर्गों को ऑपरेशन सिंदूर की वास्तविकता और सफलता से अवगत कराने के लिए है। भाजपा के कार्यकर्ता इस यात्रा के माध्यम से हर नागरिक तक पहुंचेंगे और भारत सरकार की आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति की जानकारी देंगे।






