आधार अपडेट और e-KYC के बहाने लिया कागजात, फिर करवा ली जमीन रजिस्ट्री, जनसुनवाई तक पहुंचा मामला

नीमच जिले के ग्राम चैनपुरा में एक किसान के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने आधार कार्ड अपडेट और ई-केवाईसी के नाम से उसके दस्तावेज लिए और धोखे में रखकर अंगूठा लगवाकर उसके खाते में दर्ज भूमि की रजिस्ट्री करवा ली।

बता दें कि इस धोखाधड़ी का जब पता चला, तब तक जमीन के नामांतरण की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। पीड़ित अपने बेटे के साथ मंगलवार को व्हीलचेयर के जरिए जनसुनवाई में पहुंचा। कलेक्टर ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं।

चैनपुरा निवासी रामनिवास ने जनसुनवाई में शिकायत दर्ज करवाई कि उनके बीमार और अनपढ़ पिता रोड़ीलाल मेघवाल से पड़ोसी ने धोखे से कोरे कागज पर अंगूठा लगवा लिया। पड़ोसी विनोद मेघवाल ने आधार अपडेट और ई-केवाईसी का बहाना बनाकर रोड़ीलाल से अंगूठा लगवाया। फिर उनके मूल दस्तावेज भी ले गया। विनोद ने पटवारी शकील कुरैशी और ग्राम पटेल लक्ष्मी नारायण धनगर के साथ मिलकर यह काम किया।

रामनिवास की पुश्तैनी कृषि भूमि खसरा नंबर 278/2/1 (एस) जिसका रकबा 0.18 हेक्टेयर है, को उदयपुर निवासी विक्रम सिंह सारंगदेवोत को बेच दिया गया।

यह सौदा 29 जनवरी 2025 को ई-पंजीयन के जरिए तीन लाख 94 हजार रुपये में किया गया। परिवार को न तो इस सौदे की जानकारी थी और न ही कोई राशि मिली। रामनिवास ने कलेक्टर से इस धोखाधड़ी में शामिल सभी आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपनी पुश्तैनी भूमि वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x